लंबी लड़ाई के मूड में किसान ... गर्मियों में धरना स्थल पर एसी , एलसीडी और सीसीटीवी लगवाएंगे
लंबी लड़ाई के मूड में किसान ... गर्मियों में धरना स्थल पर एसी , एलसीडी और सीसीटीवी लगवाएंगे
बॉडर्स पर एक कंट्रोल रूम व 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे
मदन सिंह कोरोटने मुख्य ब्यूरो / जी.ए. न्यूज़: 12-02 2021 जांलधर/नए कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार के साथ किसान लंबी लड़ाई के मूड में हैं । इसे लेकर सिंघु और टीकरी बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी सीसीटीवी , वाईफाई और रहने की बुनियादी सुविधाएं बेहतर कर रहे हैं । संयुक्त किसान मोर्चा पहले ही कह चुका है कि जब तक कानून वापस नहीं होंगे , प्रदर्शन जारी रहेगा । केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली की सीमाओं पर इंटरनेट बंद किए जाने पर मोर्चा अलग ' ऑप्टिकल फाइबर ' लेगा । ताकि ' वाईफाई ' उपलब्ध रह सके । गर्मी का मौसम आने के चलते मोर्चा इलेक्ट्रिक फैन और एसी भी लगवाने की तैयारी में है । सिंघु बॉर्डर पर प्रबंधन देखने वाले दीप खत्री के अनुसार 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं । नजर रखने को एक कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है । गश्त लगाने , ट्रैफिक संभालने और पहरा देने को 600 लोगों की टीम बनाई गई है । इसके अलावा 10 अहम स्थानों पर एलसीडी स्क्रीन लगेंगी । ताकि दूर बैठे प्रदर्शनकारी मुख्य मंच पर होने वाली गतिविधियां देख - सुन सकें ।
संयुक्त किसान मोर्चे द्वारा वीरवार को जगराओं की दाना मंडी में बुलाई किसान महापंचायत में 30 हजार से ज्यादा किसान पहुंचे । आजादी के बाद पंजाब में किसानों की इस तरह की पहली महापंचायत है । इस दौरान फोकस 18 फरवरी को होने वाले रेल चक्का जाम पर रहा । महापंचायत में भाकियू - राजेवाल के प्रधान बलवीर सिंह राजेवाल ने कहा आंदोलन के दौरान कोई भी ऐसा कदम न उठाएं कि केंद्र सरकार को फिर से दुष्प्रचार का मौका मिल सके । काफी संख्या में आए 95 साल के बुजुर्गों ने बताया आजादी के बाद से पंजाब में ऐसी महापंचायत पहली बार देखी है । वहीं , किसान नेता जोगिंदर सिंह उग्राहा ने कहा कि इस आंदोलन में 250 किसान अब तक शहीद हो चुके हैं ।
कुंडली बॉर्डर पर दीप सिद्भू के समर्थन में युवाओं का प्रदर्शन
नई दिल्ली 26 जनवरी को लालकिले पर हुई हिंसा के मुख्य आरोपी पंजाबी सिंगर दीप सिद्धू , रणजीत उर्फ लक्खा सिधाना व कुंडली पुलिस पर हमले की आरोपी नवदीप कौर के समर्थन में पंजाब के युवाओं ने टीडीआई मॉल से कुंडली बॉर्डर तक रैली निकाली । रैली करने वाले युवा नारेबाजी करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के मंच के सामने पहुंचे । वहां उन्होंने संयुक्त मोर्चा के नेताओं से दीप सिद्धू व नवदीप कौर की मदद करने व रणजीत उर्फ लक्खा सिधाना को संरक्षण देने की गुहार लगाई ।
रेल चक्का जाम करने पर रहा फोकस ...
कल दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चे के फैसलों के तहत महापंचायत में आए नेताओं ने 18 फरवरी को 12 से 4 बजे तक रेल ट्रैक जाम करने पर जोर दिया । इसके पहले पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों की याद में 14 फरवरी को मशाल जुलूस निकालने , 16 को सर छोटूराम की जयंती पर कार्यक्रम जिला - शहर स्तर पर करने को लेकर चर्चा हुई । इस दौरान बताया कि 12 फरवरी को राजस्थान में सभी टोल बैरियर खोल दिए जाएंगे ।
Comments
Post a Comment